सिक्किम में कोरोना संक्रमण का पहला मामला सामने आया है। यहां दिल्ली से लौटे 25 साल के छात्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उधर, तमिलनाडु में कोरोना संक्रमितों की संख्या 15 हजार के पार पहुंच गई है। यहां अब तक 15 हजार 512 मरीज मिले हैं। शनिवार को यहां पांच लोगों की मौत हुई।
सिक्किम के हेल्थ डायरेक्टर डॉक्टर पीटी भूटिया ने बताया कि छात्र हाल ही में दिल्ली से लौटा था। 21 मई को उसमें कोरोना के लक्षण नजर आए थे। इसके बाद उसका सैम्पल जांच के लिए भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल प्रशासन कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में जुट गया है।
कर्नाटक में 6 राज्यों से आने वाले लोग 14 दिन क्वारैंटाइन में रहेंगे
इधर, कर्नाटक सरकार ने तय किया है कि महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु और मध्यप्रदेश से आने वाले सभी लोगों को सेवा सिंधु पोर्टल से ई-पास हासिल करना होगा। राज्य में आने के बाद इन्हें 14 दिन क्वारैंटाइन किया जाएगा। इसमें से 7 दिन इंस्टीट्यूशनल तो इतने ही दिन लोगों को होम क्वारैंटाइन में रहना होगा। इन 6 राज्यों के अलावा बाकी जगह से आने वाले यात्रियों को 14 दिन होम क्वारैंटाइन में रहना होगा।
जम्मू-कश्मीर में भी बाहर से आने वालों को 14 दिन क्वारैंटाइन किया जाएगा
उधर, जम्मू-कश्मीर में भी दूसरे राज्यों से बस या रेल से आने वाले यात्रियों को 14 दिन इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन किया जाएगा। उनका आरटी-पीसीआर के जरिए टेस्ट भी किया जाएगा। अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो अस्पताल भेज दिया जाएगा।
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 30 हजार 504 हो गई है। शनिवार को महाराष्ट्र में 2608, तमिलनाडु में 759, गुजरात में 396, दिल्ली में 591, कर्नाटक में 216, राजस्थान में 163 और बिहार में 179 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा 279 मरीज और बढ़े हैं, लेकिन वे किस राज्य से हैं यह जानकारी नहीं मिल सकी है। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 25 हजार 101 संक्रमित हैं। इसमें से 69 हजार 597 का इलाज चल रहा है, 51 हजार 783 ठीक हुए हैं और 3720 की मौत हुई है।
सितंबर से फिर शुरू होगा ‘हुनर हाट’
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि ‘हुनर हाट’ सितंबर से फिर शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का सदुपयोग करके दस्तकारों और कारीगरों ने बड़ी संख्या में स्वदेशी सामान बनाया है। आने वाले दिनों में चंडीगढ़, दिल्ली, प्रयागराज, भोपाल, जयपुर, हैदराबाद, मुंबई, गुरुग्राम, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, देहरादून, पटना, नागपुर, रायपुर, पुडुचेरी, अमृतसर, जम्मू, शिमला, गोवा, कोच्चि, गुवाहाटी, भुवनेश्वर, अजमेर, अहमदाबाद, इंदौर, रांची, लखनऊ में ‘हुनर हाट’ लगाए जाएंगे।
Comments